डीएम ने जिला अस्पताल स्थित रैन बसेरे का किया औचक निरीक्षण, ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Satya Prabhat News
By -
0


महराजगंज | 31 दिसम्बर 2025

कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जिला अस्पताल परिसर स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरे में ठहरे यात्रियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।


निरीक्षण के समय रैन बसेरे में कुल 43 यात्री आवासित पाए गए। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा सोने की सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। यात्रियों ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही कुछ आवश्यक सुधारों को लेकर सुझाव भी दिए, जिन पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया।


ठंड से बचाव के दृष्टिगत जिलाधिकारी द्वारा रैन बसेरे में ठहरे जरूरतमंद यात्रियों को कंबल का वितरण भी किया गया। इसके अलावा उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में ठंड से बचाव हेतु दो अतिरिक्त स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए, जिससे मरीजों, उनके तीमारदारों एवं रैन बसेरे में ठहरे यात्रियों को राहत मिल सके।


जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को निर्देशित किया कि शीतलहर को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर एवं रैन बसेरे में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसमें पर्याप्त कंबल, अलाव की व्यवस्था, रात्रि में समुचित प्रकाश, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश शामिल हैं।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद, यात्री या मरीज को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)