नववर्ष 2026 पर महराजगंज पुलिस हाई अलर्ट, ड्रोन–सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे पर नजर

Satya Prabhat News
By -
0


महराजगंज। नववर्ष 2026 के स्वागत एवं जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देश पर 31 दिसंबर 2025 की रात से 1 जनवरी 2026 तक जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।


नववर्ष के अवसर पर होटलों, क्लबों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं पिकनिक स्पॉट्स पर भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च तथा नियमित फुट पेट्रोलिंग कराई जा रही है।


महराजगंज एसपी ने बताया कि लेहड़ा मंदिर, दुर्गा मंदिर महराजगंज, सोनाड़ी देवी, बोकड़ा देवी, बनैलिया माता मंदिर नौतनवां, दर्जनिया ताल, निचलौल पार्क सहित अन्य प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा हेतु विशेष इंतजाम किए गए हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की सादे वस्त्रों में तैनाती की गई है, वहीं यूपी-112 को भी पूरी तरह सक्रिय रखा गया है।


नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए एसपी ने बताया कि होटलों, बाजारों एवं आयोजन स्थलों के निकास बिंदुओं पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पार्किंग प्रबंधन, डायवर्जन प्वाइंट और मोबाइल बैरियर लगाए गए हैं।


ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया की 24 घंटे मॉनिटरिंग कर किसी भी भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने स्पष्ट किया कि हुड़दंग, तेज आवाज में डीजे, अवैध आतिशबाजी अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और नववर्ष का स्वागत शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में करें।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)