मिठौरा के परसा राजा में डीएम की ग्राम चौपाल, योजनाओं की दी जानकारी, 219 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच

Satya Prabhat News
By -
0


महराजगंज, 27 दिसंबर 2025।

मिठौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परसा राजा में शुक्रवार को प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।


चौपाल में वीबी–जी राम जी योजना को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर इस नई योजना को लागू किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों को 125 दिन का न्यूनतम रोजगार मिलेगा, जबकि मनरेगा में 100 दिन का प्रावधान था। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका सृजन करना और ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचना का विकास करना है।


जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत पात्र लाभार्थियों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क इलाज मिलता है। उन्होंने इसे विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना बताया और अधिक से अधिक लोगों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की।


इस अवसर पर आयोजित ग्रीन चौपाल के माध्यम से वृक्षारोपण एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रति जागरूकता पर भी जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि जो ग्रामीण पौधरोपण करना चाहते हैं, उन्हें वन विभाग द्वारा निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।


डीएम ने पीएम सूर्यघर योजना के लाभ बताते हुए कहा कि इस योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को ₹1.08 लाख तक की सब्सिडी दी जाती है। इससे न केवल बिजली का बिल कम होता है, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है।


चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता हेतु कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट लगाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुंचे, इसके लिए ग्रामीणों को भी जागरूक होना आवश्यक है।


मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानना और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना है।


कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही रुबीना का गोदभराई संस्कार तथा नवजात खुशी व अक्षय का अन्नप्राशन भी कराया गया।


चौपाल में 219 से अधिक ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई, 16 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 47 लोगों के सीएम युवा योजना के अंतर्गत आवेदन कराए गए तथा 5 बच्चों का टीकाकरण किया गया। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।


कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)