महराजगंज ख्वाजा के दर पर दुआ मांगने गए थे, लौटे तो शव बनकर — गांव में मचा हाहाकार

Satya Prabhat News
By -
0

महराजगंज।

भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डेरवां निवासी 60 वर्षीय इन्तिज़ा की राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह में अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। इस दुखद खबर के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


परिजनों के अनुसार इन्तिज़ा बीते गुरुवार को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाने और दुआ मांगने के उद्देश्य से घर से रवाना हुए थे। शुक्रवार को अजमेर में नल से नहाते समय जैसे ही उन्होंने अपने ऊपर पानी डाला, उसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे गिर पड़े।


घटना के समय उनके साथ उनके बहनोई हरीश, निवासी बसंतपुर, मौजूद थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अत्यधिक ठंड लगने के कारण उनकी हालत बिगड़ी, जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई।


मृतक इन्तिज़ा सिसवा मुंशी चौराहे पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार संतानें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और सभी अपने-अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। उनका सबसे बड़ा पुत्र जिब्रील (उम्र लगभग 38 वर्ष) सऊदी अरब में रोज़गार करता है। पिता के निधन की सूचना मिलते ही वह फ्लाइट से भारत के लिए रवाना हो गया है।


परिजनों ने बताया कि जिब्रील के आज शाम लगभग 5 बजे तक गांव पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा। जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)