![]() |
महराजगंज जनपद के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ललाइन पैसिया गांव में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोल्हूई थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धरैची निवासी एनाउल्हा पुत्र जमातुल्लाह (उम्र लगभग 28 वर्ष) बाइक से फरेंदा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह ललाइन पैसिया स्थित बिजली उपकेंद्र के पास पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार टूरिस्ट बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बाइक और युवक के ऊपर से गुजर गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक के पीछे बैठी महिला उछलकर कुछ दूरी पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद बस चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस व ग्रामीणों की तत्परता से उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया। लक्ष्मीपुर चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि टूरिस्ट बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। बस को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

