श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि: खिचड़ी मेले की व्यवस्थाओं का डीएम ने लिया जायजा

Satya Prabhat News
By -
0

 

डीएम सन्तोष कुमार शर्मा 

महराजगंज खिचड़ी मेले के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने नगर पंचायत चौक स्थित श्री गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य मंदिर परिसर, झूला स्थल, तहबाजारी क्षेत्र, कंट्रोल रूम समेत पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


डीएम ने पीए सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस पर किसी जिम्मेदार कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को लगातार सही और सटीक जानकारी दी जा सके। साथ ही, मेला के मुख्य दिवस पर सभी निर्धारित प्वाइंट्स पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों सहित चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। वहीं, स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मेला परिसर में तीन शिफ्टों में सफाईकर्मियों की तैनाती, तथा पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष शौचालयों की व्यवस्था कर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।


सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम ने पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।


प्रशासन द्वारा मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे व कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य कैंप, अस्थायी पुलिस चौकी, खोया–पाया केंद्र, जूता घर और पेयजल टैंकर जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।


इससे पूर्व जिलाधिकारी ने रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया और खिचड़ी मेले के दृष्टिगत वहां अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैन बसेरे में 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहें और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।


निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र कुमार, सीओ निचलौल एस.पी. सिंह, तहसीलदार सदर पंकज कुमार शाही, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, ईओ चौक ओमप्रकाश यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।





Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)