महराजगंज | 08 जनवरी 2026
जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में इंटर कॉलेजों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सामान्य, सामाजिक एवं मानसिक स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ समन्वय समिति एवं काउंसलर की नियुक्ति पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों व कॉलेजों में मानसिक दबाव, तनाव अथवा सामाजिक असंतुलन से जूझ रहे बच्चों को उबारने के लिए मनोचिकित्सक एवं प्रशिक्षित अध्यापकों की नियुक्ति हेतु एक सप्ताह के भीतर पत्रावली प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेधा क्षमता के आधार पर छात्रों के समूह न बनाए जाएं, क्योंकि इससे बच्चों में मानसिक दबाव की स्थिति उत्पन्न होती है।
डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में एक काउंसलर की अनिवार्य व्यवस्था की जाए, जो छात्र-छात्राओं की नियमित काउंसलिंग के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करे।
कोचिंग संस्थानों को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पंजीकरण एवं नवीनीकरण के आवेदनों की गहन जांच के बाद ही सत्यापन किया जाए। समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि कोचिंग सेंटरों में मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि परीक्षा पूर्व विद्यालयों में मानसिक एवं शारीरिक संतुलन बनाए रखने हेतु विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए, जिससे छात्र तनावमुक्त होकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए ऋद्धि पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, डिप्टी सीएमओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

