महराजगंज | 10 जनवरी 2026
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे महराजगंज जिले में पुलिस ने अवैध आव्रजन के खिलाफ बड़ी और सतर्क कार्रवाई करते हुए एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला बिना पासपोर्ट व वीज़ा के भारतीय सीमा में प्रवेश कर रही थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा सीमावर्ती थानों को तस्करी, अवैध घुसपैठ और सीमा पार अपराधों की रोकथाम हेतु जारी सख्त निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवां के पर्यवेक्षण में थाना नौतनवां पुलिस ने सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई की।
थानाध्यक्ष नौतनवां पुरुषोत्तम राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 09 जनवरी 2026 को बैरिया बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध विदेशी महिला को रोका। पूछताछ में महिला वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रही। गहन जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वह बिना किसी पासपोर्ट एवं वीज़ा के भारत में प्रवेश कर चुकी थी।
प्रारंभिक जांच एवं पूछताछ पूर्ण होने के उपरांत 10 जनवरी 2026 को समय 16:10 बजे महिला को विधिवत गिरफ्तार किया गया। थाना नौतनवां में उसके विरुद्ध धारा 21/23 आव्रजन अधिनियम एवं विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
नाम: जेहुआ उम्र: लगभग 36 वर्ष निवासी: रानमू चाली टाउनशिप, आबा काउंटी, सिचुआन प्रान्त क्रमांक-109, समूह-1, डूवो कून गांव देश: चीनी जनवादी गणराज्य गिरफ्तारी स्थान: बैरिया बाजार, थाना नौतनवां, जनपद महराजगंज
महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमा सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध आव्रजन, मानव तस्करी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे भी सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

