महराजगंज भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) गोरखपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली महराजगंज में तैनात उप-निरीक्षक मोहम्मद अशरफ खान को 50 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार उप-निरीक्षक मोहम्मद अशरफ खान मूल रूप से जनपद गाजीपुर के थाना जमानिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर कुकआंक के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी खुर्द निवासी शिकायतकर्ता सईदुल्लाह से उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमे में धाराएं कम करने और विवेचना में राहत देने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता द्वारा भ्रष्टाचार निवारण संगठन गोरखपुर में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद ट्रैप टीम ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। शनिवार दोपहर करीब 12:50 बजे, ट्रैप टीम प्रभारी शिवमनोहर यादव के नेतृत्व में टीम ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित पवन स्वीट्स की दुकान के सामने आरोपी उप-निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
फरेंदा थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा उप-निरीक्षक मोहम्मद अशरफ खान को गिरफ्तार किया गया है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


