महोत्सव से पहले गोरखपुर में सुरक्षा चाक-चौबंद, डीएम–एसएसपी ने किया व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण

Satya Prabhat News
By -
0

गोरखपुर। आगामी गोरखपुर महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग की एक उच्चस्तरीय गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चनप्पा ने की। इस दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा तथा डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर विशेष रूप से उपस्थित रहे।


गोष्ठी में महोत्सव से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं तथा सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।


उप महानिरीक्षक एस. चनप्पा ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल व उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए।


जिलाधिकारी दीपक मीणा ने प्रशासनिक विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने कहा कि महोत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर तथा त्वरित रिस्पांस टीमों की तैनाती अनिवार्य है। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की पूर्व योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।


गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेन्द्र, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों से अवगत कराया।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गोरखपुर महोत्सव जनसरोकारों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन है और इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
 



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)