शक और पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक रूप, पत्नी समेत चार झुलसे

Satya Prabhat News
By -
0

आरोपी दामाद हिरासत में, गांव में दहशत

महराजगंज। जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा कल्याण गांव में मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक शक और घरेलू विवाद के चलते एक दामाद ने अपने ही ससुराल में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस भयावह घटना में पत्नी समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आगजनी के दौरान आरोपी दामाद भी झुलस गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरा कल्याण गांव निवासी उर्मिला की शादी कुछ वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर जनपद निवासी नीरज कुमार पुत्र ओमप्रकाश के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद बना रहता था। बताया जा रहा है कि नीरज को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसको लेकर आए दिन झगड़े होते रहते थे। इसी बात को लेकर उसका ससुराल पक्ष से भी तनाव चल रहा था।


मंगलवार की शाम करीब आठ बजे नीरज अचानक अपने ससुराल पहुंचा। उस समय घर में उर्मिला के पिता, माता, पत्नी और भाई मौजूद थे। किसी बात को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि नीरज आपा खो बैठा। आरोप है कि वह अपने साथ मिर्च पाउडर और पेट्रोल लेकर आया था। पहले उसने मिर्च पाउडर फेंककर घर में अफरा-तफरी मचा दी, जिससे परिवार के लोग संभल भी नहीं पाए, और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।


आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस घटना में पत्नी उर्मिला, ससुर, सास और साला गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं आगजनी के दौरान आरोपी दामाद नीरज भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया, इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही सिंदुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। आरोपी दामाद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक शक और घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण इस तरह की खौफनाक वारदात से सहमे हुए हैं।

संवाददाता — शशांक राय



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)