महराजगंज, 03 जनवरी 2026।
विकास खण्ड निचलौल की ग्राम पंचायत अमड़ा उर्फ झुलनीपुर में शनिवार को प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने वीबी–जी राम जी योजना के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर इस नई योजना को लागू किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों को न्यूनतम 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका सृजन और ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना है।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत पात्र लाभार्थियों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने इसे विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बताया और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।
ग्रीन चौपाल की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य वृक्षारोपण को बढ़ावा देना और मानव–वन्यजीव संघर्ष को लेकर जनजागरूकता फैलाना है। इच्छुक ग्रामीणों को वन विभाग द्वारा निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना में उपभोक्ताओं को ₹1.08 लाख तक का अनुदान दिया जाता है। इससे बिजली बिल में कमी आएगी और अतिरिक्त विद्युत ऊर्जा को ग्रिड में बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई और इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मनरेगा एवं अन्य विकास कार्यों में पारदर्शिता हेतु कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर योजनाओं की जमीनी हकीकत समझ रहा है और ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
ग्राम चौपाल की प्रमुख उपलब्धियां
199 से अधिक लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच
04 आयुष्मान कार्ड बनाए गए
17 आवेदन मुख्यमंत्री युवा योजना के अंतर्गत
वृद्धावस्था पेंशन के 09 मामलों में ई-केवाईसी
11 पात्र गृहस्थी कार्ड में यूनिट वृद्धि
व्यक्तिगत शौचालय, वरासत, फार्मर रजिस्ट्री सहित कई योजनाओं में लाभ
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया।
इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी निचलौल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

