महराजगंज फरेंदा कस्बे में चोरों का आतंक, महिमा मेडिकल स्टोर में चोरी से मचा हड़कंप

Satya Prabhat News
By -
0

महराजगंज जनपद के फरेंदा कस्बे में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दवा की दुकानों को भी निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला कस्बे के महिमा मेडिकल स्टोर का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने महिमा मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित कीमती दवाइयों पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह दुकान खुलने पर टूटा ताला और बिखरा सामान देख दुकानदार के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों की भीड़ जुट गई और कस्बे में हड़कंप मच गया।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। हालांकि, खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।


लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से फरेंदा के व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि रात्रि गश्त की व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासे, गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


कस्बेवासियों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो फरेंदा कस्बे में अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। अब निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)