डीएम के नेतृत्व में बड़ी उपलब्धि, आईजीआरएस निस्तारण में फरेंदा–नौतनवां टॉप पर

Satya Prabhat News
By -
0

डीएम सन्तोष कुमार शर्मा महराजगंज 

महराजगंज जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के क्षेत्र में जनपद महराजगंज ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। आईजीआरएस (एकीकृत जन शिकायत निवारण प्रणाली) की नवीनतम रैंकिंग में तहसील फरेंदा और तहसील नौतनवां ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि जनपद महराजगंज को 13वां स्थान मिला है।


यह सफलता जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेन्द्र गौतम, उपजिलाधिकारी नौतनवां नवीन प्रसाद सहित समस्त राजस्व एवं तहसील प्रशासन की सतत मेहनत का परिणाम है। टीम द्वारा आईजीआरएस शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया गया।


जिलाधिकारी द्वारा सभी उपजिलाधिकारियों को आईजीआरएस निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा निर्धारित एसओपी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए थे। राजस्व संबंधी शिकायतों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर जांच, शिकायतकर्ता से सीधी वार्ता तथा जांच आख्या का रैंडम सत्यापन उपजिलाधिकारी स्तर से किया गया।


बीते 6 माह में जनपद में डिफॉल्ट प्रकरण मात्र 0.06 प्रतिशत रहे। कुल 380 प्रकरणों में से 77 प्रतिशत से अधिक मामलों में संतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि जनपद में सी श्रेणी का कोई भी मामला नहीं रहा। महराजगंज को कुल 140 में से 131 अंक प्राप्त हुए, जो 93.57 प्रतिशत है।


दिसंबर माह में तहसील फरेंदा में 63 प्रकरणों पर फीडबैक लिया गया, जिसमें शत-प्रतिशत शिकायतकर्ता संतुष्ट पाए गए। इसी प्रकार तहसील नौतनवां में भी सभी शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया।


इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने फरेंदा व नौतनवां तहसील की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह रैंकिंग दर्शाती है कि जनपद में लोक शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और यह अन्य तहसीलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)