स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया गहन जायजा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
महराजगंज डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का बारीकी से अवलोकन किया तथा अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों व स्टाफ के व्यवहार तथा उपलब्ध सुविधाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की देखभाल पर जोर देते हुए ठंड के मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में पर्याप्त कंबल, हीटर एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी में कुल 82 मरीजों का उपचार किया जा रहा था। ओपीडी में डॉ. रूपाली, डॉ. अरुण, डॉ. ज्योत्सना एवं डॉ. शालिनी द्वारा मरीजों को परामर्श एवं उपचार दिया जा रहा था। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा किसी भी मरीज पर बाहर से दवा लेने या जांच कराने का दबाव न बनाया जाए। ऐसी शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अस्पताल के पांचवें तल पर निर्माणाधीन आईपीएचएल लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को निर्देशित किया कि 99.99 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रही लैब का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने सीएमएस को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कराई जाएं तथा ठंड के दृष्टिगत अतिरिक्त इंतजाम कर मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत प्रदान की जाए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी, डॉ. ए.बी. त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

