महराजगंज खनन माफिया पर प्रशासन का शिकंजा, कुशीनगर से गोरखपुर जा रहे 9 डंपर जब्त

Satya Prabhat News
By -
0

महराजगंज जनपद में अवैध खनन और बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन के खिलाफ पुलिस व प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। थाना श्यामदेउरवां क्षेत्र में एआरटीओ, खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बिना परमिट एवं मानक से अधिक लोड सिल्ट/मिट्टी ले जा रहे 9 डंपरों को सीज किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद कुशीनगर के ग्राम सोहसा मठिया स्थित खजुरिया नहर ब्रांच से नहर की सिल्ट/मिट्टी को मानक से अधिक मात्रा में डंपरों में लादकर अवैध रूप से परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एआरटीओ मनोज कुमार सिंह, खनन अधिकारी अजीत कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर जयप्रकाश त्रिपाठी तथा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने पिपरपाती एनएच रोड पर घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया।


चेकिंग के दौरान कुशीनगर से महराजगंज होते हुए गोरखपुर की ओर जा रहे डंपरों को रोका गया। जांच में डंपर चालकों द्वारा सिल्ट/मिट्टी के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट प्रस्तुत नहीं किया जा सका। साथ ही सभी वाहनों में मानक से अधिक लोड पाया गया। नियमों के उल्लंघन और अवैध खनन से जुड़े मामले में मौके पर ही सभी नौ डंपरों को सीज कर दिया गया।

सीज किए गए वाहनों को सुरक्षार्थ थाना श्यामदेउरवां गेट के पास अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु खड़ा कराया गया है। सीज किए गए डंपरों में


यूपी 65 एनटी 5756, यूपी 65 एलटी 7195, यूपी 65 एनटी 7194, यूपी 35 एटी 7417, यूपी 35 बीटी 9188, यूपी 35 एटी 7416, यूपी 65 एलटी 1555, यूपी 35 एनटी 9187 व यूपी 35 बीटी 9189 शामिल हैं। डंपर चालकों के गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, उन्नाव एवं फतेहपुर जनपदों के निवासी होने की जानकारी सामने आई है।


अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और बिना परमिट खनिज परिवहन से सरकारी राजस्व को भारी क्षति पहुंचती है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)