![]() |
महराजगंज में गुरुवार सुबह घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम अजगरहा से नौतनवा की ओर डिलीवरी के लिए जा रहा परिवार बाबू पैसियां के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस से टकरा गया।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में गर्भवती महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह घना कोहरा छाया था, जिसके कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान नौतनवा की तरफ जा रही कार अचानक सामने से आ रही बस की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी तीव्र थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल लोगों की पहचान नसीम, अख्तर सिद्दीकी और साबिया के रूप में हुई है, जिन्हें मौके पर पहुंची नौतनवा पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस 1033 से अस्पताल भेजा।सभी घायलों को सीएचसी रतनपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गर्भवती महिला को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।
पुलिस टीम ने जेसीबी की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन को पुनः सुचारू किया। पुलिस का कहना है कि घना कोहरा और तेज रफ्तार दुर्घटना का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। साथ ही सड़क पर दृश्यता कम होने के बावजूद तेज रफ्तार वाहन चलाना ऐसी घटनाओं को जन्म देता है। फिलहाल पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है और घायलों का इलाज जारी है।

