महराजगंज छह माह से गायब डॉक्टर पर गिरी गाज, डीएम ने भेजा सेवा समाप्ति प्रस्ताव

Satya Prabhat News
By -
0

महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई।


जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, मातृ-शिशु मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं के वजन, हीमोग्लोबिन, अल्ट्रासाउंड, एएनसी जांच, बच्चों के बीसीजी टीकाकरण व जन्म प्रमाणपत्र, वीएचएसएनडी, एनसीडी, आयुष्मान भारत योजना तथा क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।


बैठक के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयुष्मान योजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एमओआईसी को निर्देशित किया गया कि आशा कार्यकर्ताओं का प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाई जाए।


सीएचसी लक्ष्मीपुर में तैनात डॉ. विनय मल्ल के लगातार छह माह से अधिक समय से अनुपस्थित रहने तथा सीएमओ स्तर से नोटिस जारी होने के बावजूद उपस्थित न होने पर जिलाधिकारी ने सेवा समाप्ति हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया। वहीं नौतनवा सीएचसी में जननी सुरक्षा योजना व संस्थागत प्रसव की कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एमओआईसी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।


सर्दियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि घने कोहरे के कारण संभावित दुर्घटना स्थलों की पहचान कर वहां एम्बुलेंस तैनात की जाए। उन्होंने नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे तथा थाना परिसरों में अनिवार्य रूप से एम्बुलेंस खड़ी रखने और एम्बुलेंस नंबर व तैनाती स्थल की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा सके।


टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने के लिए सुपरवाइजरों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया गया। लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों को चिन्हित कर कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा तीन दिन में सुधार न होने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी ने शीतकाल को ध्यान में रखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अलाव की व्यवस्था, तथा रैन बसेरों में मरीजों के परिजनों के लिए कंबल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में ठंड से बचाव के समुचित इंतजाम हों, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी, वीरेंद्र आर्या, प्रभारी एमओआईसी नीरज सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)