महराजगंज सांसद खेल स्पर्धा के समापन पर उमड़ा जनसैलाब, विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान

Satya Prabhat News
By -
0

 


महाराजगंज जिला मुख्यालय स्थित छत्रपति शिवाजी स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल स्पर्धा का समापन आज उत्साह, अनुशासन और भाईचारे के वातावरण में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच आयोजित समापन समारोह में खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा स्टेडियम खेल भावना से सराबोर नजर आया।


समापन समारोह के मुख्य अतिथि संत कबीर नगर के पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय पांडेय उपस्थित रहे।


मुख्य अतिथि अष्टभुजा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद खेल स्पर्धा केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है। खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना भी मजबूत होती है।


पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर योजनाएं चला रही है, जिसका सकारात्मक असर आज गांव-गांव तक देखने को मिल रहा है।


सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि खेल आज युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेलो इंडिया और सांसद खेल स्पर्धा जैसी योजनाओं ने युवाओं की सोच को सकारात्मक दिशा दी है।


भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में उतरना ही सबसे बड़ी जीत होती है।


जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सांसद खेल स्पर्धा ग्रामीण व दूर-दराज़ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के सुपुत्र, वरिष्ठ भाजपा नेता रोहन चौधरी ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का कार्य करता है और सांसद खेल स्पर्धा से जिले के सैकड़ों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। भाजपा सरकार खेलों को रोजगार और करियर से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।


समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह ने लखनऊ से राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन का सीधा प्रसारण भी देखा।

समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य व विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।


इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)