महराजगंज जनपद में नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने एक अहम पहल की है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा आज तथागत सभागार में जनपद के समस्त थानों के चौकी इंचार्जों के साथ एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की गहन समीक्षा करना तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक तेज, जवाबदेह एवं गुणवत्तापूर्ण बनाना रहा।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने IGRS पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विस्तार से समीक्षा करते हुए लंबित मामलों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए निस्तारण रिपोर्ट ठोस, तथ्यपरक और विश्वसनीय तरीके से तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है, ताकि जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

