गोरखपुर बड़हलगंज जिले के बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के चौतीसा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिटायर्ड होमगार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से बड़े बेटे और बहू को गोली मार दी।
घटना में बेटे को सीने में और बहू को हाथ व पेट में गोली लगी। दोनों को गंभीर हालत में बड़हलगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पहले जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
देर रात इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई, जबकि बहू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी होमगार्ड को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में गृह कलह और आरोपी की शराब की लत को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

