रुद्रप्रयाग देवाधिदेव महादेव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक पवित्र श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज शुक्रवार, 2 मई 2025 को प्रातः 07:00 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर "हर हर महादेव" के जयघोष से गूंज उठा और भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला। कपाटोद्घाटन के पावन अवसर पर मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई।
जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से ट्रैफिक नियंत्रण, मेडिकल सहायता, और पैदल यात्रियों के लिए विशेष मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों का कहना है कि केदारनाथ यात्रा 2025 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करें और यात्रा के दौरान संयम बनाए रखें।

