कुशीनगर जिले में एक शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्रा के साथ दुराचार का मामला सामने आया है, जिसने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। आरोपी शिक्षक मोइनुद्दीन अंसारी, जो उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष और ऑल इंडिया मन अनुसार सभा के पूर्वांचल प्रभारी भी हैं, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो वायरल होने पर खुलासा
मामला तब सामने आया जब आरोपी शिक्षक द्वारा कॉलेज परिसर में ही नाबालिग छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो के सामने आते ही जिला प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोइनुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी निलंबित कर दिया गया है।
पीड़िता के परिजनों ने दर्ज कराई एफआईआर
पीड़िता के परिजनों ने कसया थाने में शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। आरोप है कि मोइनुद्दीन अंसारी लड़कियों को अच्छे अंक दिलाने का लालच देकर उन्हें अपने चंगुल में फंसाता था और फिर उनका यौन शोषण करता था।
छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश
इस घटना से पूरे क्षेत्र में रोष फैल गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। उनका आरोप है कि शिक्षकों द्वारा ऐसी घिनौनी हरकतें शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
प्रशासन ने की कड़ी कार्रवाई
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने आरोपी शिक्षक और प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
समाज के लिए चिंता का विषय
यह घटना न केवल शिक्षा के पवित्र मंदिर को धूमिल करती है, बल्कि समाज में अभिभावकों के मन में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करती है। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब शिक्षक ही ऐसी वारदातें करेंगे, तो अभिभावक अपने बच्चों को किसके भरोसे स्कूल भेजें
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
