कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार क्षेत्र से लापता महिला का शव 42 दिनों बाद बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका 6 मार्च को बलुआ गांव से रहस्यमय ढंग से लापता हुई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पति द्वारा अहिरौली बाजार थाने में दर्ज कराई गई थी।
हालांकि, घटना में नया मोड़ तब आया जब मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि महिला की हत्या कर उसका शव ठिकाने लगाया गया। पुलिस की सख्ती के बाद आखिरकार पति ने सच्चाई उगल दी और बताया कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या कर शव को रामकोला थाना क्षेत्र के सेमरा घाट पर दफना दिया था।
पुलिस ने पति की निशानदेही पर शव को फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में भारी पुलिस बल की निगरानी में बरामद कर लिया है। मृतका का विवाह तीन साल पहले हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
