सिद्धार्थनगर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पांच बच्चों की मां अपने ही गांव के चार बच्चों के पिता के साथ घर से नगदी और गहने लेकर फरार हो गई हैरानी की बात यह है कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ शादी करते हुए एक फोटो फेसबुक पर पोस्ट कर दी, जिससे यह मामला उजागर हुआ।
पूरा मामला सदर थाना क्षेत्र के महरिया गांव का है बताया जा रहा है कि 5 अप्रैल को गीता नामक महिला अपने पति श्रीचंद और पांच बच्चों को छोड़कर घर से अचानक लापता हो गई। पहले श्रीचंद को लगा कि पत्नी मायके गई है, लेकिन तीन दिन बाद गांव के लोगों ने बताया कि गीता ने गोपाल नामक युवक के साथ शादी की तस्वीर फेसबुक पर डाल दी है।
फेसबुक पर फोटो देखने के बाद श्रीचंद सकते में आ गया श्रीचंद ने बताया कि गीता जाते वक्त करीब 90 हजार रुपये नकद और घर के जेवरात भी साथ ले गई है श्रीचंद की पांच संतानें हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। बड़ी बेटी 19 साल की है, जबकि सबसे छोटी मात्र 5 साल की है। श्रीचंद पहले मुंबई में बड़ा पाव बेचने का काम करता था और अब गांव में मजदूरी करके बच्चों का पालन-पोषण कर रहा है। उसने कहा, अब उससे कोई लेना-देना नहीं, बस हमारे पैसे और गहने वापस कर दे।
इधर, गोपाल की पत्नी भी बेहद आहत है गोपाल के चार बच्चे हैं और उसकी पत्नी निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करती है। उसने कहा, मैं अब तक अकेले बच्चों को पाल रही थी, लेकिन अब जब पति ने दूसरी शादी कर ली है, तो हमें जायदाद में हिस्सा और भरण-पोषण का खर्च दिया जाए।
गोपाल की पत्नी और श्रीचंद दोनों ने थाने में शिकायत की, लेकिन उनका कहना है कि अब तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई फिलहाल यह मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है और दोनों परिवारों में तनाव का माहौल है। लोग कानून और प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
