![]() |
महराजगंज (उत्तर प्रदेश), 09 नवंबर 2025: आज शनिवार को घुघली थाना क्षेत्र के जोगिया गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक घटना ने स्थानीय लोगों को सदमे में डाल दिया। पोल संख्या 344/05 के निकट ग्रामीणों ने सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा देखा और तुरंत घुघली पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान ग्राम जोगिया, छितवन टोला निवासी गंगाराम प्रजापति (60 वर्ष) पुत्र स्व. रमई के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक शराब के आदी थे। बताया जा रहा है कि इसी लत को लेकर उनके परिजनों से विवाद हुआ था। संभवतः इसी गुस्से और नशे में वे रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए, जहां किसी ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

