![]() |
महराजगंज भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नेपाल के मित्र राष्ट्र होने के उद्देश्य से बेहतर संबंध और समंवय स्थापित करने को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन बुधवार को सोनौली पहुंचे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीणा भी मौजूद रहे।
एडीजी ने भारत नेपाल सीमा क्षेत्र के विभिन्न चेक पोस्टों और पगडंडी मार्गों का निरीक्षण कर स्थिति का गहन जायजा लिया। उन्होंने पुलिस व एसएसबी अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान सीमा क्षेत्र में प्रभावी चेकिंग, सतत पेट्रोलिंग और स्थानीय पुलिस तथा एसएसबी के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
एडीजी जैन ने इन्ट्रीगेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का भी निरीक्षण किया और नेपाल से समन्वय स्थापित कर दोनों देशों की सीमा पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था से कोई भी समझौता न किया जाए। पर्व-त्योहारों पर भीड़भाड़ के मद्देनजर अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। एडीजी ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती इलाकों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
त्योहारों को शांति और सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने के लिए एडीजी ने स्थानीय पुलिस को हर स्तर पर मुस्तैद रहने का आदेश दिया और अपराधियों व असामाजिक तत्वों की गहन चेकिंग कर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

