आरोपी से चोरी की अपाची मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद गिरोह क्रूरतापूर्वक पशुओं को पिकअप में बांधकर तेज रफ्तार में ले जाता था गिरफ्तार सलीम पर गोवध और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज
महराजगंज। जनपद पुलिस को गोतस्कर गिरोह पर लगाम लगाने में बड़ी सफलता मिली है। बिहार और बंगाल तक सक्रिय अन्तरजनपदीय गो-तस्कर गिरोह के शातिर अपराधी सलीम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर कई मुकदमे दर्ज हैं और यह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
घटना के मुताबिक, 24/25 जुलाई की रात सफेद रंग की पिकअप (UP 57 BT 5842) पर क्रूरतापूर्वक गोवंशीय पशुओं को बांधकर बिहार राज्य ले जाया जा रहा था। रास्ते में वाहन खराब होने पर पुलिस ने 5 गोवंशीय पशुओं से लदी गाड़ी बरामद की थी, जिसमें एक पशु की मृत्यु भी हो गई थी। इस घटना पर थाना श्यामदेउरवा में मामला दर्ज कर वाहन चालक और तस्करों की तलाश शुरू की गई।
इसी सिलसिले में बीती रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी *सलीम* ने अवैध तमंचे से पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे सेमरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक चोरी की अपाची मोटरसाइकिल, अवैध देशी तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह संगठित होकर विभिन्न जनपदो व भिन्न भिन्न स्थानो से गोवंशीय पशुओं को पकड़कर तेज रफ्तार पिकअप वाहनों में लादकर बिहार और बंगाल तक तस्करी करता था। पशुओं को क्रूरतापूर्वक बांध दिया जाता और रास्ते में पुलिस या आम नागरिकों द्वारा रोकने पर यह गिरोह जानलेवा हमला करने से भी नहीं चूकता था।

