महराजगंज नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार स्थित कनघुसरी चौराहे पर रविवार को ई-रिक्शा का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। संपतिहा से अड्डा बाजार की ओर सवारियों को लेकर जा रही ई-रिक्शा अचानक आगे का टायर फटने से अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार सवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीआरवी 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अपनी गाड़ी से लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल महाराजगंज के लिए रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा का पहिया अचानक फटने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह पुलिया से जा टकराई, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

