![]() |
| सत्य प्रभात न्यूज़ संवाददाता |
महराजगंज भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना परसामलिक पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप व एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए अभियुक्त नेपाल के निवासी बताए जा रहे हैं।
महराजगंज एसपी सोमेन्द्र मीणा द्वारा भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अवैध मादक पदार्थों, नशीले इंजेक्शनों व अवैध शराब की रोकथाम के लिए दिए गए निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई। उनके निर्देशन में पुलिस टीम ने एसएसबी के साथ संयुक्त चेकिंग की। इस दौरान ग्राम झंगटी महाव नाला पुल के पास बागीचा से अभियुक्त जुगेस कोइरी पुत्र त्रिभुवन कोइरी निवासी रामग्राम देउरवां थाना नवलपरासी, जिला नवलपरासी (नेपाल) तथा दीपक पुत्र अनरूद्ध निवासी लोहसडा थाना नवलपरासी (नेपाल) को गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़े | गोरखपुर NEET छात्र हत्याकांड: पशु तस्करों पर आरोप, ग्रामीणों का हंगामा
इनके पास से बुप्रेनार्फिन इंजेक्शन 300 एम्पुल, डाइजापाम इंजेक्शन 300 एम्पुल, प्रोमेथाजिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन 300 एम्पुल, एक चोरी की मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर प्लस UP53DW6202), एक मोबाइल फोन तथा एक फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्तों ने मोटरसाइकिल को जिला अस्पताल, गोरखपुर से चोरी करने की बात स्वीकार की। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना परसामलिक में एनडीपीएस एक्ट व भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
यह भी पढ़े | महराजगंज कोल्हुई में नवजात शिशु की मौत के बाद झोलाछाप अस्पताल संचालक सामान लेकर फरार
सीमा पर चौकसी रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों का ही नतीजा है कि पुलिस और एसएसबी की टीम को यह बड़ी सफलता मिली।

