महराजगंज निचलौल थाना क्षेत्र के गांव शीतलापुर के बड़का टोले के सिवान में बुधवार को शौच के लिए निकले युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। युवक का शव रस्सी के सहारे शीशम के पेड़ में लटका हुआ था। शव मिलने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस में आ पहुंची। फिर पुलिस ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक शीतलापुर के बड़का टोला निवासी खेसारी चंद सहानी (35) हर रोज की तरह सुबह भी साइकिल लेकर शौच के लिए घर से पश्चिम सिवान की ओर निकले थे। जो काफी देर तक वापस घर नहीं लौटे। इसी बीच खेत की तरफ जा रहे कुछ लोगों की नजर अचानक एक शीशम के पेड़ में रस्सी के सहारे खेसारी चंद सहानी के लटकता शव पर पड़ा।
जिसे अचानक देख वह लोग सन्न हो गए। फिर वापस लौट घटना की जानकारी गांव के अन्य लोगों को दिए। उसके कुछ ही देर बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वही मौके पर पहुंची मृत युवक खेसारी चंद सहानी की पत्नी रिंकी देवी और बच्चे सिद्धि, रूबी और आंशिक में चीख पुकार मच गई।
वही थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार मृत युवक खेसारी चंद सहानी के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई हैं। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का वजह साफ हो जाएगा।

