महराजगंज 21 जून को जनपद महराजगंज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की 11वीं वर्षगांठ पूरे उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम महराजगंज में भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसकी अगुवाई जिलाधिकारी संतोष कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने की। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं, अधिकारी-कर्मचारी और योग प्रेमी नागरिकों समेत करीब 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
योगाभ्यास का यह सामूहिक दृश्य प्रेरणा का स्रोत बन गया, जहां प्रातःकालीन वातावरण में लोगों ने एक साथ योगासन, प्राणायाम और ध्यान कर अपने तन-मन को ऊर्जा से भर दिया। योग सत्र के दौरान प्रशिक्षित योगाचार्यों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास कराया और उसके लाभ बताए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं योग करते हुए सभी को नियमित योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रेरणा दी।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” (One Earth, One Health) रही, जो यह संदेश देती है कि मानव स्वास्थ्य और प्रकृति के बीच घनिष्ठ संबंध है। इस संदेश को आत्मसात करते हुए, जिलाधिकारी वर्मा ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि जीवनशैली है, जो मनुष्य को मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब जीवन की रफ्तार और तनाव दोनों बढ़े हैं, योग ही वह साधन है जो मनुष्य को संतुलन में रख सकता है।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पौधे लगाकर यह संदेश दिया कि योग और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं।






