यूपी में पूरे नवरात्रों में मंदिरों के 500 मीटर की परिधि में कोई मांस-मछली आदि की दुकान नहीं खुलेगी. इस परिधि के बाहर भी लाइसेंस के शर्तों के अधीन ही संचालित होगी और खुले में मांस की ब्रिक्री नहीं होगी. रामनवमी को सभी दुकाने बंद रहेंगीं.
हाइलाइट्स
नवरात्रि में मंदिरों के 500 मीटर के भीतर मीट शॉप बंद रहेंगी.
रामनवमी को सभी मीट की दुकाने बंद रहेंगी.
सीएम योगी ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के त्योहार के लिए सभी जनपदों में 24 घंटे का श्रीरामचरिमानस का अखंड पाठ कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि पांच अप्रैल दोपहर से प्रारंभ अखण्ड मानस पाठ की पूर्णाहुति 6 अप्रैल को श्रीरामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में श्रीरामलला के सूर्य तिलक के साथ होना चाहिए. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी जनपदों में देवालयों और मंदिरों में आवश्यक व्यवस्थाएं प्रारम्भ कर दी गई हैं.
सीएम योगी ने शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बासंतिक नवरात्र और श्रीरामनवमी से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि देवीपाटन मंदिर, बलरामपुर, शाकुम्भरी देवी मंदिर सहारनपुर, विंध्यवासिनी देवी धाम, मीरजापुर आदि प्रमुख देवी मंदिरों व शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होगा. सूर्य तिलक का दर्शन करने अयोध्या में पूरे देश से लोगों के आगमन की संभावना है. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रबन्ध किए जाने चाहिए. कतारबद्ध श्रद्धालुओं को तेज धूप में खड़े होने में समस्या न हो, इसके लिए जूट मैटिंग कराई जाए. सभी देवालयों में पेयजल के पुख्ता प्रबंध होने चाहिए. छाजन की व्यवस्था कराई जाए.
सीएम योगी ने निर्देश दिए कि चैत्र नवरात्र के दिनों में पूरे प्रदेश में समान रूप से निर्बाध 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि मंदिरों के आसपास अंडा, मांस आदि की दुकानें नहीं होनी चाहिए, साथ ही यह भी सुनिश्चित करायें कि कहीं भी अवैध स्लाटरिंग न हो.

