बीते गुरुवार को आटो लेकर निकला था मृतक
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी मामला संज्ञान में लेते हुए मातहतों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
कोल्हुई प्रतिनिधि/महराजगंज थाना क्षेत्र कोल्हुई अंतर्गत ग्राम सभा बड़गो में स्थित पोखरे से एक युवक का शव बरामद होने का मामला प्रकाश में है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस अग्रिम कार्यवाई में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र कोल्हुई अंतर्गत लोटन मार्ग पर स्थित गांव बड़गो के पोखरे में मंगलवार की देर शाम एक युवक का शव देखा गया। सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक का शिनाख्त इंद्रजीत निवासी सिकरी बखरिया थाना
मोहना जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। पोखरे से मृतक का ऑटो भी बरामद हुआ है। बताया जाता है कि मृतक कस्बा कोल्हुई में एक किराए के मकान में रहता था। बीते गुरुवार को वह अपने ऑटो द्वारा सब्जी की खरीदारी करने गया था। और तभी से गायब था। परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस छानबीन मैं लगी हुई थी। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि गायब हुए इंद्रजीत निवासी सिकरी बखरिया थाना मोहना जनपद सिद्धार्थनगर नामक व्यक्ति का शव क्षेत्र के बड़गो स्थित एक पोखरे से ऑटो समेत बरामद हुआ है। मृतक के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने सहित अग्रिम कार्यवाई में पुलिस लगी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर विधिक कार्यवाई की जाएगी।
संवाददाता शशांक राय
